राजनीति
वादों पर तत्काल अमल होगा: प्रियंका

भोपाल। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश में अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वादों पर तत्काल अमल किया जाएगा। राज्य में महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के दतिया में एक चुनावी सभा में दावा किया कि कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में रोजगार की स्थिति देश में सबसे अच्छी है। वहां रोजगार के लिए लोगों को अब दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ता है। यह कांग्रेस सरकार की नीतियों से संभव हो पाया है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या लगातार गहराती जा रही है। मगर, भाजपा सरकार सिर्फ घोषणाएं करने में व्यस्त है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।