केजरीवाल की छवि खराब करने की साजिश : चड्ढा

नई दिल्ली. देश के पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में शिकायत करने की बात कही है।
आप सांसद राघव चड्ढा ने बुधवार को कहा कि भाजपा अपने सोशल मीडिया हैंडल से केजरीवाल की छवि को खराब करने के लिए अभियान चला रही है। यह चुनावी राज्य राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी शेयर किया जा रहा है। यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इसलिए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने शिकायत के लिए चुनाव आयोग से समय मांगा है।
आप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता राघव चड्ढा ने कहा कि बीते 5 नवंबर से भाजपा लगातार अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। चड्ढा ने कहा कि मंगलवार को चुनाव आयोग से पार्टी को एक नोटिस प्राप्त हुआ है। इसका जवाब पार्टी के कानून प्रकोष्ठ द्वारा तैयार किया जा रहा है।