दुनिया के सबसे स्वादिष्ट 100 व्यंजनों में पराठे, मिसल पाव, छोले भटूरे, श्रीखंड

दुनिया भर में भारत के पराठे, मिसल पाव, छोले भटूरे और श्रीखंड बड़े चाव से खाए जाते हैं। इसका खुलासा लोकप्रिय फूड गाइड टेस्ट एटलस ने किया है। दरअसल इसने दुनिया में सुबह के नाश्ते के लिए पसंद की जाने वाली शीर्ष 100 व्यंजनों की सूची जारी की जिसमें भारत के चार व्यंजन भी हैं। लिस्ट में पहले नंबर पर तुर्किए का काहवाल्टी, दूसरे नंबर पर सर्बिया का कोमप्लेट लेपिंजा और तीसरे नंबर पर लीबिया का फिन्ज है। इसके अलावा पाकिस्तान के दो और चीन का एक व्यंजन भी लिस्ट में है।
32वें पर स्वादिष्ट छोले भटूरे
लोकप्रिय छोले भटूरे भारत के कोने-कोने में तो मशहूर है ही, इसे दुनिया में चटखारे लेकर लोग खाते हैं। भटूरे मैदे से बनाते हैं, जिसे खास तरीके से तैयार किया जाता है।
23वें पायदान पर पराठा
दुनिया के बेहतरीन ब्रेकफास्ट में भारत का पराठा भी शामिल है। टेस्ट एटलस ने कहा, मक्खन में चुपड़ी गर्म पराठे की खुशबू से शायद ही कोई बचकर निकल जाए।
महाराष्ट्र का मिसल 18वें नंबर पर
महाराष्ट्र के मिसल पाव में एक सब्जी की करी होती है। इसे मिसल के नाम से जाना जाता है। इसके साथ पाव, जो ब्रेड होता है। इसके साथ सेव , प्याज, नींबू भी परोसा जाता है। अपनी वेबसाइट पर इस व्यंजन का वर्णन करते हुए टेस्ट एटलस ने लिखा, ‘ बेहतर मिसल का मसालेदार होना जरूरी है, इसका आधार कुरकुरा होना चाहिए।’
60वें नंबर पर श्रीखंड महाराष्ट्र के श्रीखंड से शायद ही कोई अपरिचित हो। यह सबसे महंगे मसाले केसर के साथ मिश्रित मलाईदार दही से बनाई जाती है। ऐसा माना जाता है कि यह स्वादिष्ट व्यंजन चरवाहों से आया है।
टेस्ट एटलस ने जारी की दुनिया के शीर्ष 100 व्यंजनों की सूची
ऐसे बनती है सूची
● यूजर हर व्यंजन को 1 से 5 स्टार के बीच रेट करते हैं
● स्पैम, बॉट या फर्जी वोट टेस्ट एटलस की टीम हटा देती है
● व्यंजन की और पारंपरिकता को आंकते हैं
● फ्यूजन डिश लोकप्रिय क्यों न हो, अगर वो पारंपरिक नहीं है, तो उसे रैंक नहीं मिलता
● विश्वसनीय स्रोतों और डेटा का विश्लेषण किया जाता है
● टेस्ट एटलस की टीम दुनिया भर के फूड गाइड्स, कुकबुक्स, शेफ की राय, स्थानीय परंपराओं और यूजर की समीक्षाओं का अध्ययन करती है।