रायपुर। साइबर ठग अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह से जुड़ा है, जिनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, शातिर ठग ने सोमवार को सुबोध सिंह के नाम से फेसबुक पर फेक प्रोफाइल तैयार की। हैरानी की बात यह है कि कुछ ही घंटों में उस प्रोफाइल से 58 लोगों को जोड़ लिया गया। इसके बाद आरोपी ने उनके परिचितों और मित्रों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फर्जी आईडी संचालित करने वाले आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। यदि किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने का संदेश मिले तो पहले फोन या अन्य माध्यम से संबंधित व्यक्ति से पुष्टि अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही बिना सत्यापन के ऑनलाइन पैसे भेजें।


















