छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती-2024 की प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स) का परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, कुल 7301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (मेन्स) के लिए चयनित किया गया है। चयनित उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं।
यह भर्ती अभियान कुल 341 पदों को भरने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इन पदों में सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर सहित विभिन्न पद शामिल हैं, जिनके लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। CGPSC द्वारा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई 2026 को किया गया था। परीक्षा राज्य के सभी 33 जिलों में स्थापित 183 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी। परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित की गई थी।
7301 कैंडिडेट्स हुए चयनित
आयोग के अनुसार नियमों के तहत 341 पदों के लिए 20 गुना यानी 6820 कैंडिडेट्स का चयन किया जाना था, लेकिन वर्गवार और उपवर्गवार कैंडिडेट्स की उपलब्धता को देखते हुए इस बार कुल 7301 कैंडिडेट्स का अस्थायी चयन किया गया है.
आयोग ने बताया कि यह चयन प्रीलिम्स एग्जाम के अंकों के आधार पर किया गया है. चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहां उम्मीदवार अपना परिणाम देख सकते हैं.
कब होगा मेन्स एग्जाम
- CGPSC ने मेन्स परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है. सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती-2024 की मेन्स परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी.
- आयोग ने बताया कि मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
- इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. उम्मीदवारों को नियमित रूप से वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है.
मेन्स के बाद होगा फिजिकल
आयोग के अनुसार मेन्स परीक्षा पूरी होने के बाद उसका रिजल्ट जारी किया जाएगा. इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल के लिए बुलाया जाएगा. फिजिकल की तारीख और अन्य जरूरी निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर भरोसा करने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है.


















