बिलासपुर। दो बाइक में सवार तीन नकाबपोश मंगलवार की शाम 5.45 बजे मस्तूरी स्थित जनपद परिसर पहुंचे। बाइक के रुकते ही पीछे बैठे दो लोग उतर गए। इसके बाद दोनों ने गोली चलाना शुरू कर दिया। गोलीबारी में दो लोग चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे लोग दहशत में आ गए। इसका फायदा उठाते हुए दोनों वापस बाइक में बैठकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौक पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हमले का कारण अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
मंगलवार की शाम 5.45 बजे मस्तूरी स्थित जनपद परिसर के अंदर जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के ऑफिस के बाहर नितेश सिंह, तमेश सिंह, टुकेश सिंह, फेकू सिंह, बबला सिंह, संतोष राठौर, प्रमोद शर्मा और कल्लू यादव बैठे हुए थे। उसी समय जोंधरा चौक (पुलिस थाना) की तरफ से दो बाइक में सवार चार लोग आए। सभी ने अपने चेहरे को गमछे ढंका हुआ था। बाइक के रुकते ही दोनों बाइक में पीछे की ओर बैठे दोनों युवक उतर गए। उतरते ही दोनों ने गोली चलाना शुरू कर दिया। गोलीबारी में दो लोग चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता दोनों वापस बाइक में बैठ गए और वहां से बिलासपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी की गई है और हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
आशंका पुरानी रंजिश के कारण किया हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना पुरानी रंजिश का मामला है। कुछ वर्ष पूर्व जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह और मोहतरा के रहने वाले कुछ लोगों के बीच मैग्नेटो मॉल परिसर में विवाद के बाद मारपीट हुई थी। पुलिस को शक है कि यह फायरिंग उसी पुराने विवाद की कड़ी हो सकती है।
12 राउंड गोली चलाई
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने 12 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी में चंद्रकांत सिंह के हाथ में और राजू सिंह के पैर में गोली लगी है। दोनों लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने घायलों को मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र के चारों ओर नाकेबंदी करने का निर्देश दिया। इसके बाद आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य सबूत इकट्ठे करना शुरू कर दिया। पुलिस फिलहाल इस हमले को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है। फिलहाल आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित रास्तों पर चेकिंग जारी है।



















