देश के युवा मतदाताओं, खासकर Gen Z के बीच जुड़ाव बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विशेष संपर्क अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी की ओर से एक समर्पित Gen Z Outreach Team गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, इस टीम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है।
युवाओं से सीधे संवाद पर फोकस
भाजपा की इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी के युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करना और उनसे जुड़े मुद्दों पर सीधे संवाद स्थापित करना बताया जा रहा है। Gen Z में बड़ी संख्या में पहली बार मतदान करने वाले युवा भी शामिल हैं, ऐसे में राजनीतिक दलों के लिए यह वर्ग महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की प्रस्तावित टीम युवाओं के बीच नए माध्यमों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संवाद बढ़ाने पर जोर दे सकती है। खास तौर पर युवा मतदाताओं की रुचि, उनकी प्राथमिकताओं और समकालीन मुद्दों को समझने की दिशा में अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित अभियान में जेन-जी युवाओं की आकांक्षाओं, चिंताओं और अपेक्षाओं को समझने पर जोर दिया जाएगा. इसके तहत युवाओं को भाजपा नेताओं के साथ सीधे संवाद का अवसर भी दिया जा सकता है. अभियान की तारीख, स्वरूप और स्थानों की विस्तृत जानकारी पार्टी आने वाले दिनों में जारी कर सकती है.
भाजपा का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब विपक्षी दल भी युवा मतदाताओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं.इससे पहले इसी तरह के कार्यक्रम कोटा, देहरादून और प्रयागराज में आयोजित किए जा चुके हैं. पुणे के एआईएसएसएमएस कॉलेज मैदान में होने वाले कार्यक्रम में प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा में अनियमितता, बढ़ती शिक्षा फीस और युवा महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 8 से 10 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.


















