ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में बाढ़-बारिश का कहर, गरियाबंद में NH-130C बंद; कई वाहन फंसे, त्रिवेणी संगम लबालब

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। गरियाबंद जिले में पैरी नदी के उफान पर होने के कारण नेशनल हाईवे-130C पिछले 24 घंटे से बंद पड़ा है। सड़क पर पानी भर जाने से रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे हाईवे के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। इसके कारण रायपुर और गरियाबंद के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गरियाबंद में NH-130C बंद

गरियाबंद में लगातार हो रही बारिश के चलते पैरी नदी उफान पर है। नदी का पानी पंटोरा के पास नेशनल हाईवे-130C पर फैल गया, जिससे हाईवे पर करीब 24 घंटे से आवाजाही बाधित है. सड़क पर जलभराव होने के कारण रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यात्री बसों समेत सभी वाहनों के पहिये थम गए हैं.

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे पर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि पानी कम होने तक इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लें. वहीं प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर कम होने का इंतजार किया जा रहा है.

त्रिवेणी संगम भी हुई लबालब

वहीं बारिश के बीच गरियाबंद का प्रसिद्ध त्रिवेणी संगम पूरी तरह जलमग्न होने लगा है. पैरी, सोंढूर और महानदी के बढ़ते जलस्तर से संगम के बीच स्थित भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर चारों ओर से पानी से घिर गया है. श्रावण मास के पहले दिन यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम बन गया.

गरियाबंद जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर साफ दिखाई दे रहा है. पैरी, सोंढूर और महानदी लगातार उफान पर हैं, जिससे राजिम स्थित त्रिवेणी संगम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. संगम के मध्य विराजमान भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव का प्राचीन मंदिर चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गया है. बढ़ते जलस्तर के बीच मंदिर परिसर पूरी तरह जलमग्न हो चुका है. संयोग यह भी है कि श्रावण मास के प्रथम दिन तीनों नदियों के जल ने भगवान शिव का प्राकृतिक जलाभिषेक किया, जिसे श्रद्धालु विशेष धार्मिक महत्व से जोड़कर देख रहे हैं.

What's your reaction?

Related Posts