छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राज्य में इस शैक्षणिक सत्र से तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक ही तारीख पर आयोजित की जाएंगी। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इसके लिए परीक्षा कार्यक्रम और समय-सारिणी जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब सभी सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में निर्धारित तिथियों पर एक साथ परीक्षाएं आयोजित होंगी। इससे परीक्षा प्रणाली में एकरूपता आएगी और विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
पूरे प्रदेश में लागू होगी समान परीक्षा व्यवस्था
डीपीआई के निर्देशों के अनुसार, अब तक अलग-अलग जिलों या स्कूलों में परीक्षाओं की तिथियां अलग हो सकती थीं, लेकिन इस सत्र से तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाओं का आयोजन पूरे राज्य में एक समान कैलेंडर के अनुसार किया जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन एक समान मानकों पर किया जा सकेगा।
जारी आदेश के अनुसार, तिमाही परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर तक आयोजित होंगी, जबकि अर्धवार्षिक परीक्षाएं 1 से 7 दिसंबर तक ली जाएंगी. इस बार सभी जिलों में एक समान प्रश्नपत्र और परीक्षा व्यवस्था लागू करने की तैयारी की गई है, ताकि पूरे प्रदेश में परीक्षा प्रणाली में एकरूपता सुनिश्चित की जा सके. परीक्षाओं के सुचारु संचालन और प्रश्नपत्रों के निर्माण के लिए जिला स्तरीय परीक्षा समितियों का गठन किया जाएगा. ये समितियां प्रश्नपत्र तैयार करने, परीक्षा संचालन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी. लोक शिक्षण संचालनालय के इस निर्णय से प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में परीक्षा प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होने की उम्मीद जताई जा रही है.


















