रायपुर। बिलासपुर जिले की रतनपुर नगर पालिका को विकास कार्यों के लिए बड़ी सौगात मिली है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 2 करोड़ 3 लाख 8 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभागीय संचालनालय ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वीकृत राशि में 1 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये की लागत से रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र में आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके अलावा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-5 में अहाता निर्माण के लिए 20 लाख 10 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य से क्षेत्र के नागरिकों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बताया कि स्वीकृत दोनों कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे रतनपुर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके।


















