ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

21 अगस्त तक रिपोर्टिंग जरूरी, नहीं तो हाथ से निकल सकती है यूटी़डी की सीट

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटी़डी) में बीटेक (ऑनर्स) में चयनित छात्र-छात्राओं के लिए ऑफलाइन रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 21 अगस्त निर्धारित की गई है। जोसा/सीएसएबी के माध्यम से सीट आवंटित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक विश्वविद्यालय पहुंचकर रिपोर्टिंग, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य होगा। समय पर रिपोर्टिंग नहीं करने पर आवंटित सीट हाथ से निकल सकती है।

विद्यार्थियों को विश्वेश्वरैया भवन स्थित एडमिशन सेल में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी। प्रवेश के दौरान सभी मूल दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के साथ उनकी दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां भी जमा करनी होंगी।

ये दस्तावेज लाना जरूरी

रिपोर्टिंग के समय विद्यार्थियों को जोसा/सीएसएबी सीट आवंटन पत्र, जेईई मेन 2026 का स्कोर कार्ड, ऑनलाइन फीस भुगतान की रसीद, दसवीं और बारहवीं की अंकसूची एवं प्रमाणपत्र, स्थानांतरण प्रमाणपत्र, माइग्रेशन प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो और लागू होने पर श्रेणी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा निर्धारित प्रारूप में मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा।

जिन विद्यार्थियों की पढ़ाई में गैप रहा है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैप प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

एबीसी और अपार आईडी पहले से बनाएं

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि रिपोर्टिंग से पहले ही एबीसी आईडी और अपार आईडी तैयार कर लें। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान इन दोनों आईडी की आवश्यकता होगी। पहले से आईडी तैयार रहने पर एडमिशन सेल में प्रक्रिया पूरी करने में अतिरिक्त समय नहीं लगेगा।

प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू

सीएसवीटीयू में बीटेक (ऑनर्स) प्रथम सेमेस्टर की शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए विद्यार्थियों से जल्द से जल्द रिपोर्टिंग पूरी कर कक्षाओं से जुड़ने की अपील की है।

पहले सेमेस्टर की फीस 54,500 रुपये

बीटेक (ऑनर्स) के प्रथम सेमेस्टर के लिए विश्वविद्यालय ने 54,500 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। दूसरे से आठवें सेमेस्टर तक प्रत्येक सेमेस्टर की फीस 50,700 रुपये रहेगी।

फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि बाहर से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन निजी छात्रावासों और किराये के आवासों की जानकारी उपलब्ध कराएगा, ताकि उन्हें रहने की व्यवस्था करने में परेशानी न हो।

What's your reaction?

Related Posts