रायपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित थी। अब इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह सुविधा ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से संचालित पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगी। ओडीएल कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को ओडीएल एडमिशन पोर्टल, जबकि ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा।
इग्नू ने उन सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक जुलाई 2026 सत्र के लिए पंजीकरण नहीं कराया है।
विश्वविद्यालय स्नातक के साथ ऑनर्स और अन्य विशेषीकृत डिग्री पाठ्यक्रम भी संचालित करता है। इसके अलावा डिप्लोमा, एडवांस्ड डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स भी उपलब्ध हैं, जिनका उद्देश्य कौशल विकास और रोजगार क्षमता बढ़ाना है। सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, पर्यावरण अध्ययन और विभिन्न भाषाओं से जुड़े कई पाठ्यक्रम भी छात्रों के लिए उपलब्ध हैं।
इग्नू की लचीली शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को नौकरी या अन्य जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई जारी रखने की सुविधा देती है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल 31 जुलाई 2026 तक ही स्वीकार किए जाएंगे और इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी।


















