रायपुर। कबीर नगर इलाके में मासूम बच्चे की पीट-पीटकर हत्या करने वाले सौतेले पिता के साथ मां को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया। आरोपी कई दिन से बच्चे की पिटाई कर रहा था। इसमें बच्चे की मां भी सहयोग कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक हीरापुर सतनामीपारा निवासी आकिब खान और रेशमी ताम्रकार ने करीब दो साल पहले शादी की थी। रेशमी अपने पहले पति को छोड़कर आकिब के साथ शादी करके रह रही थी। उसके साथ उसका दो साल 7 माह का बेटा प्रशांत भी रहता था। प्रशांत को आकिब पसंद नहीं करता था। करीब 10 दिन पहले से आकिब और ज्यादा आक्रामक हो गया। वह मासूम प्रशांत को बेरहमी से पीटता था। हाथ-मुक्के से उसकी पिटाई करता था। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर कई बार पड़ोसियों ने भी आकिब और रेशमी को टोका था। इसके बाद भी आकिब नहीं माना।
मंगलवार को आकिब ने फिर बच्चे को जमकर पीटा। इतना पीटा कि बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा। उसके शरीर में दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर चोट के निशान थे। इसके बाद बेसुध बच्चे को दोनों एम्स अस्पताल ले गए। वहां कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई। बच्चे का शव का पीएम किया गया, तो उसके शरीर में पेट और फेफड़े में अंदरूनी गंभीर चोट के निशान मिले। इसके बाद डॉक्टरों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने आकिब और रेशमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। देर रात उन्हें हिरासत में ले लिया गया। गुरुवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कसाई का करता था काम
आकिब दुर्ग का रहने वाला है। उसकी चिकन दुकान थी। दो साल पहले शादीशुदा रेशमी से उसका प्रेम-संबंध हो गया। इसके बाद रेशमी अपने पति को छोड़कर आकिब के साथ पत्नी बनकर रहने लगी। उस समय प्रशांत 7 माह का था। उसे लेकर रेशमी आकिब के साथ रायपुर में रहने लगी। आकिब को मासूम प्रशांत पसंद नहीं था। वह उसे अक्सर मारता-पीटता रहता था। रायपुर में आने के बाद आकिब और रेशमी दोनों कुछ काम नहीं करते थे। आकिब के परिवार ने प्रशांत को अपनाने से इनकार कर दिया। इस कारण भी आकिब मासूम से चिढ़ता था।



















