रायपुर। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और जिले की सीमाओं से होकर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सोमवार शाम “ऑपरेशन सेफ बॉर्डर” के तहत विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान 27 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक जिले की सभी प्रमुख अंतरजिला सीमाओं पर एक साथ संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के निर्देशन में चले इस तीन घंटे के विशेष अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न बॉर्डर क्षेत्रों में रणनीतिक रूप से चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए। इस दौरान जिले में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग, संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच, वाहन दस्तावेजों का सत्यापन, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जबकि संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी लेकर उनके दस्तावेज और आवागमन का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की सीमाओं के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों, अपराधियों की आवाजाही और संदिग्ध वाहनों पर प्रभावी निगरानी स्थापित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। इससे कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के साथ अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
पुलिस ने संदेश दिया है कि “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित परिवार। नियमों का पालन करें, स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी सहभागी बनें।”
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार के विशेष वाहन चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।


















