ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

रक्षाबंधन पर शुरू हुआ ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026’, 30 जुलाई तक हस्तनिर्मित राखी, संदेश और आंगन की मिट्टी भेजने की अपील

रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के सम्मान में छत्तीसगढ़ में ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026’ शुरू किया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बच्चों से हस्तनिर्मित राखी, शुभकामना संदेश तथा आंगन की एक चुटकी पावन मिट्टी भेजकर अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की है।

मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस अभियान के जरिए प्रदेशवासियों का स्नेह और सम्मान देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों के साहस और त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करना हर नागरिक का दायित्व है।

अभियान के तहत हस्तनिर्मित राखी, सैनिकों के नाम शुभकामना संदेश और विजय तिलक के लिए आंगन की पावन मिट्टी 30 जुलाई तक निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र या महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय में जमा कराई जा सकती है। एकत्रित सभी रक्षा-सूत्र पूर्व सैनिक महासभा के माध्यम से सेना मुख्यालय, नई दिल्ली भेजे जाएंगे, जहां से इन्हें विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेशवासियों से अभियान को जन-आंदोलन बनाने और सैनिकों तक यह संदेश पहुंचाने की अपील की कि पूरा छत्तीसगढ़ उनके सम्मान, सुरक्षा और गौरव के साथ मजबूती से खड़ा है।

What's your reaction?

Related Posts