पटना। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने 238 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 236 पर उसकी जमानत जब्त हो गई. आंकड़े बताते हैं कि उसने कई सीटों पर खेल बिगाड़ा भी. 35 निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी को मिले वोट जीत के अंतर से ज्यादा थे. इनमें से 19 सीटें एनडीए ने जीतीं, जबकि 14 महागठबंधन के खाते में गई. एआईएमआईएम और बीएसपी ने इनमें से एक-एक सीट जीती. पार्टी 115 सीटों पर तीसरे स्थान पर रही और एक मढ़ौरा पर दूसरे स्थान पर रही. एनडीए के भीतर 35 सीटों में से किशोर की पूर्व पार्टी जेडीयू ने 10 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी ने 5 सीटें जीतीं. एलजेपी-आरवी को तीन और आरएलएम को एक सीट मिली. महागठबंधन खेमे में राजद इनमें से 9 सीटों पर विजयी रही, जबकि कांग्रेस ने 2 सीटें जीतीं. सीपीएम, सीपीआईएमएल-एल और आईआईपी को एक-एक सीट मिली. सोशल मीडिया पर उनकी सक्रिय उपस्थिति के बावजूद पार्टी के कई आलोचकों ने दावा किया था कि प्रशांत किशोर खेल बिगाड़ने वाले ही साबित होंगे.



















