छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे के दौरान ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर और कोरबा के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। जरूरत न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें। किसान भी बारिश और बिजली गिरने के दौरान खेतों में काम करने से बचें और कृषि उपकरण सुरक्षित स्थान पर रखें।


















