फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने जहां बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ और ‘बॉर्डर-2’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए शानदार कमाई की है, वहीं अब फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। अनुप्रिया का नाम लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है। उन्हें भारत की सबसे कम उम्र की फिल्म प्रोड्यूसर होने के लिए यह सम्मान दिया गया है।
कैंची धाम पहुंची अनुप्रिया
रविवार को अनुप्रिया नागर नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए। इसी दौरान लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट कार्तिक पालीवाल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए अनुप्रिया ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड और देश के उन तमाम युवा फिल्म निर्माताओं के लिए भी बड़ी प्रेरणा है, जो फिल्म इंडस्ट्री में कुछ अलग करने का सपना देखते हैं।
पार्ट-2 में दिखेगी कैंची धाम की दिव्यता
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब इसके दूसरे पार्ट को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। अनुप्रिया नागर ने संकेत दिए हैं कि ‘हनुमान अंश पार्ट-2’ में बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े उत्तराखंड के पवित्र स्थलों और उनसे जुड़ी आध्यात्मिक कहानियों को प्रमुखता दी जा सकती है। ऐसे में फिल्म के अगले पार्ट में कैंची धाम की दिव्यता भी देखने को मिल सकती है।
नीम करौली बाबा से जुड़े मंदिर जाएंगी अनुप्रिया
अनुप्रिया नागर ने बताया कि वह भूमियाधार समेत बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े दूसरे मंदिरों में भी दर्शन करने जाएंगी। ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म के अगले पार्ट की कहानी में इन पवित्र स्थलों और उनसे जुड़ी मान्यताओं को अहम जगह मिल सकती है। हालांकि, फिल्म की कहानी को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
एसएसपी से भी की मुलाकात
कैंची धाम पहुंचने के बाद अनुप्रिया नागर और उनके परिजनों ने नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बारे में जानकारी साझा की।
‘हनुमान अंश’ ने अब तक कितनी कमाई की?
बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन शानदार रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक 214.79 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। फिल्म की इस सफलता के बाद अब दर्शकों की नजर इसके अगले पार्ट पर भी है।


















