Raipur News: रायपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती और शादी का झांसा देकर ठगी करने का नया तरीका सामने आया है। राजधानी रायपुर के मोवा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक को स्नैपचैट पर लड़की बनकर बातचीत करने वाले युवक ने करीब 65 हजार रुपये की चपत लगा दी। चार महीने तक चली चैटिंग के दौरान आरोपी ने खुद को युवती बताकर भरोसा जीता, शादी की बातें कीं और विभिन्न बहानों से पैसे ऐंठता रहा। जब पीड़ित मिलने के लिए गरियाबंद पहुंचा तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर निवासी घनश्याम साहू मोवा स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है और अस्पताल के हॉस्टल में रहता है। 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट पर उसे “थनवी साहू” नाम की आईडी से संदेश मिला। इसके बाद दोनों के बीच नियमित बातचीत शुरू हुई। चैटिंग के दौरान कथित युवती ने दोस्ती बढ़ाई और बाद में शादी की बात करने लगी।

आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने अपनी आर्थिक और पारिवारिक समस्याएं बताकर कई बार पैसों की मांग की। भरोसे में आए घनश्याम ने अलग-अलग अवसरों पर ऑनलाइन माध्यम से कुल 65 हजार रुपये भेज दिए। कई महीनों तक बातचीत चलने के बाद घनश्याम ने मिलने की इच्छा जताई। इस पर वह गरियाबंद जिले के ग्राम बासीन पहुंचा। Raipur News
गांव पहुंचने पर उसे पता चला कि “थनवी साहू” नाम की कोई युवती नहीं है। जांच में सामने आया कि उसी नाम से अमन साहू नामक युवक फर्जी आईडी बनाकर उससे चैटिंग कर रहा था और पैसों की मांग भी वही कर रहा था।
ठगी का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अमन साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले (Raipur News)
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया, मैट्रिमोनियल वेबसाइट और मैरिज ब्यूरो के माध्यम से दोस्ती या शादी का झांसा देकर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में रायपुर के आजाद चौक क्षेत्र में भी एक व्यक्ति से शादी का झांसा देकर 9 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की गई थी।
पुलिस की अपील (Raipur News)
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से जल्दबाजी में व्यक्तिगत संबंध न बनाएं। बिना पहचान सत्यापित किए पैसे भेजने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन में शिकायत करें।


















