ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

राजधानी में 81% स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिजली बिल में आई राहत, 400 यूनिट तक सीमित रही खपत

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहतभरी खबर है। जुलाई 2026 में शहर के करीब 81 प्रतिशत उपभोक्ताओं की बिजली खपत 400 यूनिट तक सीमित रही, जिससे उन्हें राज्य सरकार की एम ऊर्जा (मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान) का लाभ मिलने की संभावना बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अनुसार मानसून के दौरान बिजली की मांग घटने और उपभोक्ताओं द्वारा योजनाबद्ध तरीके से खपत नियंत्रित करने के कारण यह बदलाव देखने को मिला है।

पावर कंपनी द्वारा जून और जुलाई 2026 के आंकड़ों के तुलनात्मक अध्ययन में सामने आया कि रायपुर सिटी रीजन के कुल 3,17,392 स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ताओं में से 2,56,471 उपभोक्ता (करीब 81 प्रतिशत) जुलाई में 400 यूनिट तक की श्रेणी में रहे। जून में इस श्रेणी में केवल 1,96,777 उपभोक्ता थे। यानी एक महीने में इस वर्ग के उपभोक्ताओं की संख्या में 30.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कुल बिजली खपत में 31.91 प्रतिशत की कमी

आंकड़ों के अनुसार जून 2026 में जहां कुल बिजली खपत 131.27 मिलियन यूनिट (एमयू) थी, वहीं जुलाई में यह घटकर 89.38 मिलियन यूनिट रह गई। यानी कुल बिजली खपत में 31.91 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। 400 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की कुल खपत भी 41.72 मिलियन यूनिट से घटकर 32.38 मिलियन यूनिट रह गई। वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1,20,615 से घटकर 60,921 रह गई, जो 49.49 प्रतिशत की गिरावट है। इस वर्ग की कुल बिजली खपत भी 89.55 मिलियन यूनिट से घटकर 57.00 मिलियन यूनिट दर्ज की गई।

600 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं में सबसे ज्यादा गिरावट

पावर कंपनी के अनुसार सबसे अधिक कमी 600 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के वर्ग में दर्ज की गई। इस श्रेणी में उपभोक्ताओं की संख्या में 64.23 प्रतिशत और बिजली खपत में 38.13 प्रतिशत की कमी आई है।

मानसून और एम ऊर्जा योजना का असर

विभाग का कहना है कि बिजली खपत में आई कमी के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, मानसून के दौरान एयर कंडीशनर और कूलर जैसे उपकरणों का कम उपयोग होना और दूसरा, एम ऊर्जा (मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान) का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं द्वारा बिजली की खपत को नियंत्रित रखना।

What's your reaction?

Related Posts