ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़रायपुर संभागराष्ट्रीय

शोएब ढेबर का पुलिसिया मुखबिर शिवम लाइन अटैच

इंटरनेशनल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर प्रदेश कांग्रेस सचिव आनंद कुकरेजा को धमकी देकर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर तीसरे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद एसीसीयू क्राइम ब्रांच और सेंट्रल कमिश्नरेट की अलग-अलग टीमों ने आरोपी के पाम बेलाजियो, बैरनबाजार और बैजनाथपारा स्थित ठिकानों समेत कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। उसके नेपाल के रास्ते विदेश भागने की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ के अलावा मुंबई, दिल्ली, नागपुर और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों वाले अन्य शहरों में भी मुखबिरों को अलर्ट किया गया है। राज्य के बाहर भी पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। पुलिस विदेश जाने के लिए टिकट और फ्लाइट बुकिंग कराने वालों पर भी नजर रख रही है। आरोपी को एयरपोर्ट पर ही रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नेपाल में पुलिस के सहयोगी सूत्रों को आरोपी की तस्वीर और अन्य जानकारी भेजी गई है।

छापेमारी की सूचना लीक होने की आशंका, आरक्षक लाइन अटैच

आरोपी के ठिकानों पर पुलिस की दबिश से पहले ही उसके फरार होने को लेकर पुलिस के भीतर भी जांच शुरू हो गई है। छापेमारी की जानकारी लीक होने की आशंका के चलते डीसीपी क्राइम ने एसीसीयू के आरक्षक शिवम द्विवेदी को लाइन अटैच किया है। अधिकारियों ने आरक्षक को लाइन अटैच किए जाने की पुष्टि की है, हालांकि इसे रूटीन प्रक्रिया बताया गया है। सूत्रों के अनुसार एसीसीयू के साथ सेंट्रल कमिश्नरेट के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

10 सितंबर को ढेबर परिवार को धमकी, 14 को कुकरेजा को कॉल

मामले की शुरुआत सितंबर के दूसरे सप्ताह में हुई थी। पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बिश्नोई-अमन साव गैंग के नाम पर उन्हें धमकी भरे कॉल और संदेश मिले हैं। इसमें 50 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी की मांग किए जाने की बात सामने आई थी।

इसके बाद 14 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस सचिव आनंद कुकरेजा को इंटरनेशनल नंबर से धमकी भरा कॉल आया और 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। पुलिस को जांच के दौरान कुकरेजा को धमकी देने के मामले में शोएब ढेबर की भूमिका के संबंध में साक्ष्य मिले।

पूछताछ के बाद हुई थी गिरफ्तारी, तकनीकी खामी से मिली जमानत

तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार रात शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए पकड़ा था। रविवार को ब्लैकमेलिंग के मामले में उसकी गिरफ्तारी की गई। हालांकि दस्तावेजी कार्रवाई में तकनीकी खामी के आधार पर उसे जमानत मिल गई। इसके बाद पुलिस ने अगले दिन अदालत के समक्ष साक्ष्य पेश किए और शोएब के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कराया।

वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। अब पुलिस की टीमें स्थानीय स्तर से लेकर दूसरे राज्यों और नेपाल तक उसकी तलाश में जुटी हैं।

What's your reaction?

Related Posts