ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़े, सीएम साय ने कलेक्टरों को अलर्ट रहने को कहा

छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कई दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में रातभर हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों, कॉलोनियों और निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। जलभराव के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ रहा है, जबकि कुछ इलाकों में लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश से नगर निगम और प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी भरने की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

गरियाबंद में नाले में बहा युवक

गरियाबंद जिले में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। सरगी नाला पार करने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को नाले के तेज बहाव में बहते हुए देखा जा सकता है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद युवक का शव नाले से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

कांकेर में नाव में नदी पार करते दिखे शिक्षक

कांकेर में नाव से नदी पार करते शिक्षकों का वीडियो सामने आया है. नाव के सहारे महिला शिक्षिका और शिक्षक नदी पार करते हुए दिख रहे हैं. शिक्षकों ने बताया की रोज स्कूल जाने के लिए ऐसे ही नदी पार करना पड़ता है..बाढ़ की वजह से हमेशा डर लगा रहता है, जिला प्रशासन को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला.

जान-जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे लोग

धमतरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं और जलस्तर तेजी से बढ़ चुका है, लेकिन मुसीबत की इस घड़ी में भी लोग अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं. पानी का बहाव इतना तेज है कि एक छोटी सी चूक जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, लेकिन इसके बावजूद लोग पानी के ऊपर से अंधाधुंध गाड़ियां और वाहन निकाल रहे हैं! घाटों पर लोगों की यह खतरनाक लापरवाही किसी भी वक्त बड़े हादसे को अंजाम दे सकती है.

सीएम साय बोले- कलेक्टरों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बारिश के दौरान लोगों से लापरवाही न करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सभी जिलों के कलेक्टरों को विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल राहत एवं सहायता पहुंचाने के निर्देश भी प्रशासन को दिए गए हैं.

What's your reaction?

Related Posts