बिलासपुर, 20 अगस्त 2026। 79वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर चार ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की सुविधा देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 30 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली इन ट्रेनों के भोड़वाल माजरी स्टेशन पर दो मिनट के ठहराव से यात्रियों और श्रद्धालुओं को संत समागम स्थल तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, 20807 विशाखापटनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस 30 सितंबर से 31 अक्टूबर तक भोड़वाल माजरी स्टेशन पर 15:48 बजे पहुंचेगी और 15:50 बजे रवाना होगी।
इसी तरह 20808 अमृतसर-विशाखापटनम हीराकुंड एक्सप्रेस स्टेशन पर 05:56 बजे पहुंचेगी और 05:58 बजे रवाना होगी।
20847 दुर्ग-शहीद कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर एक्सप्रेस भोड़वाल माजरी स्टेशन पर 08:41 बजे पहुंचेगी और 08:43 बजे रवाना होगी।
वहीं 20848 शहीद कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस का स्टेशन पर 09:35 बजे आगमन और 09:37 बजे प्रस्थान होगा।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि अस्थायी ठहराव की यह व्यवस्था निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ अन्य यात्रियों के लिए भी आवागमन को सुविधाजनक बनाएगी।


















