ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

Google Maps देखकर लिया शॉर्टकट, गली में फंसी 80 लाख के गांजे से भरी कार; 2 तस्कर अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के सरगुजा के बतौली में गांजा तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें तस्करों की हाईटेक तैयारी पुलिस से बचने के काम नहीं आई. पुलिस से बचने के लिए शॉर्टकट तलाश रहे तस्करों ने गूगल मैप का सहारा लिया, लेकिन यही फैसला उनके लिए मुसीबत बन गया. मैप के बताए कच्चे रास्ते से होते हुए वे बरगोडीह गांव की एक संकरी गली में फंस गए. रास्ता बंद होने पर तस्कर स्कॉर्पियो छोड़कर खेतों की ओर भागे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया. मुख्य आरोपी अब भी फरार है.

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप स्कॉर्पियो में भरकर उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर बगीचा पुलिस ने बतौली पुलिस को अलर्ट किया. इसके बाद बतौली थाना क्षेत्र के बांसबोड़ में सड़क पर ट्रक खड़ा कर नाकाबंदी की गई.

तस्करों की स्कॉर्पियो के आगे एक काले रंग की थार चल रही थी, जिसे एस्कॉर्ट वाहन के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था. थार चालक ने दूर से पुलिस की चेकिंग देख ली और पीछे आ रही स्कॉर्पियो के चालक को फोन कर सतर्क कर दिया. इसके बाद दोनों वाहन मुख्य सड़क छोड़कर कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गए.

गूगल मैप के शॉर्टकट ने बिगाड़ा पूरा प्लान

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने गूगल मैप पर शॉर्टकट तलाशा. मैप ने बरगोडीह गांव की ओर जाने वाला रास्ता दिखाया. तस्करों को लगा कि इस रास्ते से वे दोबारा मुख्य सड़क पर पहुंच जाएंगे. लेकिन संकरी गली में पहुंचते ही उनकी गाड़ी फंस गई.

गली के बीच मवेशी बैठे होने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद था. स्कॉर्पियो न आगे जा पा रही थी और न ही पीछे मुड़ने की जगह थी. इसी दौरान पुलिस की गाड़ियां भी उनके पीछे पहुंच गईं. तस्कर वाहन छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे. शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जुट गए. पुलिस ने पीछा कर गन्ने के खेत से दो आरोपियों को पकड़ लिया. हालांकि, थार चालक मौके से फरार हो गया.

138 किलो गांजा बरामद

पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो से करीब 138 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है. इसके अलावा लगभग नई स्कॉर्पियो भी जब्त की गई. वाहन में आगे और पीछे कैमरे के साथ जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ था.

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से गाजियाबाद ले जाई जा रही थी. पूरी यात्रा पहले से प्लान थी. रास्ते में कहां रुकना है, क्या खाना-पीना है और वाहन में राशन तक की व्यवस्था की गई थी.

आरोपियों के मुताबिक, गाजियाबाद में बैठा उनका एक साथी स्कॉर्पियो की लाइव लोकेशन ट्रैक कर रहा था. गाड़ी में लगे कैमरों के जरिए आगे और पीछे की लाइव तस्वीरें भी देखी जा रही थीं. पुलिस की गतिविधि की जानकारी मिलने पर वहीं से उन्हें रास्ते के बारे में निर्देश दिए जा रहे थे.

मुख्य आरोपी अमन सिंह फरार

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को छत्तीसगढ़ में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी लैलूंगा पार करने से पहले ही हो गई थी. इसके बाद गाजियाबाद से निर्देश दे रहे मुख्य आरोपी अमन सिंह ने अपना मोबाइल बंद कर दिया. इससे पहले उसने आरोपियों को किसी भी तरह छत्तीसगढ़ पार करने का निर्देश दिया था.

पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी बलवीर सिंह और अजय गोयल को गिरफ्तार किया है. दोनों ने पूछताछ में दावा किया कि वे पहली बार गांजा तस्करी के लिए निकले थे और उन्हें इस ट्रिप के बदले 7-7 हजार रुपये मिलने थे. पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. मुख्य आरोपी अमन सिंह की तलाश में छापेमारी की जा रही है.

What's your reaction?

Related Posts