रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से अंधविश्वास की आड़ में एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ईदगाहभाठा इलाके में सक्रिय एक ढोंगी पीर ने मन्नत पूरी करने का झांसा देकर 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़के के साथ अश्लील हरकत की। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कमरे में बंद कर उतरवाए कपड़े, पैर चूमने पर किया मजबूर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से खैरागढ़ जिले का रहने वाला आरोपी पीर मुस्तकीम बेग (40 वर्ष) रायपुर के ईदगाहभाठा इलाके में रह रहा था। 15 जून को पीड़ित नाबालिग लड़का अपनी कोई मन्नत पूरी कराने के सिलसिले में आरोपी के पास पहुंचा था।
जैसे ही नाबालिग कमरे के भीतर गया, आरोपी मुस्तकीम ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने झांसा दिया कि जैसा वह कहेगा, वैसा करने से उसकी मुराद पूरी हो जाएगी। आरोपी ने नाबालिग के कपड़े उतरवा दिए और उसे करीब 5 मिनट तक कमरे में गोल-गोल घूमने को कहा। दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपी ने पीड़ित को जबरन अपने पैर चूमने के लिए भी मजबूर किया। इस घिनौनी और अश्लील हरकत को अंजाम देने के बाद उसने बच्चे को कपड़े पहनाकर वापस भेज दिया।
डरे-सहमे परिवार ने दर्ज कराई शिकायत, बीएनएस और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज
इस घटना के बाद पीड़ित नाबालिग और उसका परिवार बुरी तरह डरा और सहमा हुआ था। परिजनों की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

















