छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि मोबाइल पर रील देखते समय इंटरनेट नहीं चलने से नाराज एक महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
करतला थाना इलाके के केराकछार में रहने वाली महिला मंगलो बाई ने रील देखते वक्त इंटरनेट नहीं चलने पर आक्रोशित हो गई, सबसे पहले उसने मोबाइल पटका, अपने आपको कमरे में बंद किया और कीटनाशक का सेवन कर लिया. परिजन को मामले का पता तब चला जब मंगलो बाई उल्टी करने लगी और परिजन को कीटनाशक दवाई की तेज दुर्गंध आने लगी. आनन फानन में महिला को CHC करतला पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने कंडीशन देखते हुए कोरबा जिला अस्पताल रिफर कर दिया. महिला की ईलाज के दौरान मौत हो गई.
मृतिका पहले से थी बीमारी से ग्रसित
मृतिका के परिजन ने यह भी बताया कि, मृतिका हाथ और पैर फूल जाने की बीमारी से ग्रसित थी. कई बार डॉक्टरों से ईलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिलने से महिला आहत भी थी.
हालांकि, इस मसले पर मनोवैज्ञानिक डॉक्टर अंकित गुप्ता का कहना है कि, मोबाइल पर दिनभर घुसे रहने से इंटरमिटेंट एक्सप्लोसिव डिसऑर्डर (IED) की बीमारी हो सकती है. जिससे अचानक अत्यधिक गुस्सा आ सकता है. और इस दौरे से व्यक्ति खुद को या दूसरों को नुकसान पहुंचा सकता है. इस बीमारी से बचने डॉक्टर ने युवाओं को अत्यधिक मोबाइल के लगाव से बचने और परिवार से मिलकर रहने की सलाह दी है.


















