Women’s Asia Cup 2026 दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप का खिताब आठवीं बार अपने नाम कर लिया। दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और ग्रुप चरण से लेकर फाइनल तक उसका दबदबा कायम रहा। भारत ने इस जीत के साथ श्रीलंका से पिछली हार का हिसाब भी चुकता कर लिया।
मंधाना और शेफाली ने रखी जीत की मजबूत नींव
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी हुई।
शेफाली वर्मा ने 39 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने टी20 करियर का 21वां अर्धशतक पूरा किया। उन्हें चामुदी प्रबोदा ने आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद स्मृति मंधाना भी 39 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दोनों सलामी बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को समेटा
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। क्रांति गौड़ ने इमिशा दुलानी को चार रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर पहला झटका दिया। इसके बाद कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े।

दीप्ति शर्मा ने अट्टापट्टू को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर श्रीलंका पर दबाव बना दिया। विश्मी गुणारत्ने 22 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुईं। हर्षिता समरविक्रमा ने नौ रन बनाए।
श्री चरणी ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए कविशा दिलहारी और नीलाक्षी सिल्वा को अपना शिकार बनाया। नीलाक्षी ने 22 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों के लगातार प्रहार के सामने श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई।
एशिया कप में भारत का दबदबा कायम
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में अपना दबदबा बरकरार रखा है। भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप का खिताब जीता है।
भारत ने 2004, 2005, 2006 और 2008 में वनडे प्रारूप में, जबकि 2012, 2016, 2022 और 2026 में टी20 प्रारूप में खिताब अपने नाम किया। भारत को 2018 और 2024 में फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची भारतीय टीम
खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रीलंका की कप्तान ने नकवी से उपविजेता ट्रॉफी और चेक लिया, लेकिन भारतीय टीम ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं पहुंची। इसके बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त कर दी गई।
मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन होने के साथ पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं। इससे पहले 2025 में पुरुष एशिया कप के दौरान भी भारतीय टीम ने उनके हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। भारतीय महिला टीम ने भी उसी रुख को कायम रखा।


















