रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में पांच नेत्रियां शामिल हैं, इसमें एक वर्तमान विधायक, तीन पूर्व विधायक और एक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। इन पांचों नेत्रियों को आगामी 5 जनवरी को दिल्ली बुलाया गया है, जहां इनका साक्षात्कार होगा।
कांग्रेस सूत्रों की मानें तो महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में बालोद विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा, पूर्व विधायक छन्नी साहू, लक्ष्मी ध्रुव और ममता चंद्राकर का नाम है। इन पांच में से ही किसी को महिला कांग्रेस की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि इन पांच महिला नेत्रियों के अलावा भी कुछ अन्य महिला कांग्रेस नेत्रियों के नामों पर विचार किया जा रहा है, जो महिला कांग्रेस में लगातार काम कर रही हैं और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में किसी भी सत्ताधारी पद में नहीं रही है।
कांग्रेस सूत्रों की मानें तो फिलहाल पांच नेत्रियों को ही साक्षात्कार के लिए दिल्ली बुलाया गया है। दिल्ली में अल्का लांबा कमेटी पांचों महिला नेत्रियों का साक्षात्कार लेगी और साक्षात्कार के बाद आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेगी। आलाकमान अंतिम निर्णय लेगा। कुल मिलाकर पांच महिला नेत्रियों के दिल्ली बुलावे की खबर से अन्य कांग्रेस नेत्रियों ने भी दिल्ली दौड़ शुरू कर दी है। अभी देखना यह है कि पहले साक्षात्कार के बाद कितने दिनों के भीतर अध्यक्ष की नियुक्ति होगी।



















