छत्तीगसगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। बीजापुर में पुलिस ने शुक्रवार को नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया था। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के पास से .303 राइफल, गोला-बारुद समेत कई हथियार बरामद हुए। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है। रुक-रुक कर गोलीबारी अभी भी जारी है।
जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच शुक्रवार सुबह रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने अभियान की शुरुआत की थी।
मुठभेड़ स्थल से अब तक 2 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही मौके से .303 रायफल, अन्य हथियार, बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी सुरक्षा बलों के हाथ लगी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं की जा रही है, ताकि अभियान में जुटे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षाबलों का यह अभियान माओवादियों की गतिविधियों को कमजोर करने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।