जगदलपुर. बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होने का न्योता दिया। गृहमंत्री ने न्योता स्वीकार करते हुए कहा कि वे इस ऐतिहासिक पर्व में जरूर शामिल होंगे।
618 साल पुराना बस्तर दशहरा, जो 75 दिनों तक चलता है, रावण दहन के बजाय रथ परिक्रमा के लिए प्रसिद्ध है। यह पर्व मां दंतेश्वरी की भक्ति और आदिवासी परंपराओं पर केंद्रित है, जिसमें विशाल रथ यात्रा, तांत्रिक अनुष्ठान और जनभागीदारी शामिल होती है।
सांसद कश्यप ने इसे छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनजातीय विरासत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की संस्कृति और आस्था का जीवंत उत्सव है, जो इसे देश में अद्वितीय बनाता है।
दशहरा समिति ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और महामंत्री रामू रोहरा को भी विशेष आमंत्रण दिया है।