रायपुर. रायपुर नगर पालिक निगम ने महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) और महावीर निर्वाण दिवस (21 अक्टूबर 2025) को शहर में मांस और मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में निगम के स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया है।
निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने बताया कि इन दोनों पावन दिनों पर रायपुर नगर निगम के पूरे क्षेत्र में पशुवध गृह और मांस-मटन की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। वे अपने-अपने क्षेत्रों में मांस-मटन की दुकानों की सतत निगरानी करेंगे।
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि उक्त तिथियों पर होटलों में मांस-मटन की बिक्री पाए जाने पर जप्ती की कार्रवाई की जाएगी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ यथोचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। यह निर्णय अहिंसा और पवित्रता के प्रतीक इन पर्वों के सम्मान में लिया गया है। निगम ने सभी दुकानदारों और होटल संचालकों से इस आदेश का पालन करने की अपील की है।


















