रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। श्री शाह 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ जगदलपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव के एक प्रमुख पारंपरिक आयोजन ‘मुरिया दरबार’ में शामिल होंगे। इसके अलावा श्री शाह महतारी वंदन योजना की करीब 65 लाख हितग्राही महिलाओं के बैंक खाते में 606 करोड़ 94 लाख रुपए की राशि अंतरित करेंगे। श्री शाह शनिवार को रायपुर से रवाना होकर दोपहर 12 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। वहां देवी दंतेवश्वरी के मंदिर में दर्शन के बाद वह जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित बस्तर दशहरा व मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगे। मुरिया दरबार में वह पुजारियों व आदिवासी समुदाय के नेताओं से बातचीत करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं के बैंक खाते में 606 करोड़ 94 लाख रुपए की राशि अंतरित करेंगे। योजना की 20वीं किस्त का लाभ राज्य की 64 लाख 94 हजार 768 लाभार्थी महिलाओं को मिलेगा। इसके पश्चात, वह दोपहर तीन बजे जगदलपुर से प्रस्थान करने से पहले स्वदेशी मेले में भाग लेंगे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 से की गई है, इसका उद्देश्य 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को हर माह 1000 रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
1876 में हुई थी मुरिया दरबार की शुरुआत
लगभग 75 दिनों तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में अश्विन शुक्ल द्वादशी को मुरिया दरबार का आयोजन होता है, जिसमें जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के पुजारी, मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरीन और गणमान्य नागरिक शामिल होते हैं। मुरिया दरबार की शुरुआत सन् 1876 में हुई थी। इस आयोजन में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच आवश्यक विषयों पर चर्चा होती है। आमतौर पर हर साल मुख्यमंत्री मुरिया दरबार में हिस्सा लेते रहे हैं। इस बार अमित शाह भी इस प्राचीन परंपरा का हिस्सा बनेंगे।