बिहार विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी अपने दल के नेताओं के साथ पहुंच गये हैं। ये नेता बिहार के क्षेत्रों में जाकर यूपी शासन की नजीर दिखाकर वोटरों को अपने पक्ष में गोलबंद कर रहे हैं। भाजपा के इन नेताओं के साथ कांग्रेस ने भी यूपी के कई नेताओं को बिहार चुनाव में उतारा है। इसके अलावा दक्षिण और मध्य भारत के नेता भी बिहार विधानसभा चुनाव में वोटरों के पास पहुंच रहे हैं। बिहार चुनाव में जदयू ने भी झारखंड के सरयू राय को स्टार प्रचारक के तौर पर उतारा है।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने भी यूपी के कई नेताओं को उतारा है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री मायावती व आकाश आनंद जैसे नेता शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से भी कई नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। इनमें भाजपा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी तो कांग्रेस के छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, रांची कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, कांग्रोस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, राष्ट्रीय महासचिव अलका लांबा चुनाव प्रचार में जनता को लुभाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। दक्षिण भारत से कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे को प्रचार में उतारा है। इसके अलावा पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी प्रचार में पहुंचे हुए हैं।



















