ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंगराजनीति

प्रचार अभियान : बिहार में छठ पर्व के बाद चुनावी पारा चढ़ेगा

पटना. बिहार में छठ बाद चुनाव का पारा चढ़ेगा। दीपावली, भैया दूज, चित्रगुप्त और गोवर्द्धन पूजा तथा छठ पर्वों के कारण सियासी दल प्रचार अभियान तो चला रहे थे लेकिन इसकी बहुत गति नहीं थी। मंगलवार दोपहर बाद जब लोग पर्वों के उत्साह से निकलेंगे तब जाकर चुनावी शोर जोर पकड़ेगा।

इसको लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने पुरजोर तैयारी कर रखी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 30 अक्तूबर से लेकर 7 नवम्बर तक के कार्यक्रम तय किये जा चुके हैं। कांग्रेस नेता गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे की सभाएं लगाई जा रही हैं। वाम के भी बड़े नेताओं की ताबड़तोड़ सभाएं होंगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की रोजाना की सभाएं 29 अक्तूबर से बढ़ जाएंगी। अभी दोनों नेता प्रतिदिन तीन से चार सभा कर रहे हैं। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की सभाएं भी 28 अक्तूबर से होंगी।

पहले चरण का मतदान छह नवंबर को है। इसके लिए प्रचार 4 नवंबर की शाम थम जाएगा। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को है और इसके लिए प्रचार 9 नवंबर को थम जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच महीने बाद फिर पटना में दो नवंबर को रोड शो करेंगे। पीएम का यह रोड शो कुम्हरार तथा बांकीपुर विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। दो और तीन नवंबर को बिहार में प्रधानमंत्री की चुनावी सभाएं होनी है। इससे पहले 29 मई, 2025 को प्रधानमंत्री पटना में रोड शो किये थे। विधानसभा चुनाव को लेकर छठ बाद प्रधानमंत्री की कई सभाएं होंगी। 30 अक्तूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में जनसभाएं होनी हैं। वहीं, दो, तीन, छह और सात नवंबर को वे बिहार आएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य विरिष्ठ नेताओं का भी छठ बाद चुनावी सभाओं के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नीतीश कुमार की 28 अक्तूबर को दो सभाएं

मुख्यमंत्री की भी छठ बाद चुनावी सभाएं और जोर पकड़ेगी। इसी क्रम में 28 अक्तूबर को मुख्यमंत्री गायघाट और उजियारपुर में सभाएं करेंगे। गठबंधन के सहयोगी दलों तथा जदयू के प्रत्याशियों की ओर से उनकी सभा लगाने की खूब मांग आ रही है। सषीएम के साथ ही जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी सभाओं में रहेंगे।

प्रशांत किशोर का चुनावी अभियान 28 से शुरू होगा

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का चुनावी प्रचार-प्रसार का अभियान 28 अक्तूबर से शुरू होगा। 28 अक्तूबर को वे पूर्णिया और कटिहार विधानसभा क्षेत्रों में सभा करेंगे। 29 और 30 अक्तूबर को सहरसा, मधेपुरा और भागलपुर जिले की विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करेंगे। हालांकि, वह पदाधिकारियों से साथ ही लोगों से मिल-जुल रहे हैं।

What's your reaction?

Related Posts