Anil Ambani Latest: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों से संबंधित धन शोधन की जांच के तहत 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क की हैं। अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। संघीय जांच एजेंसी ने पहले इस मामले में 7,500 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी।
क्या है डिटेल
सूत्रों ने बताया कि देश के विभिन्न भागों में स्थित संपत्तियों के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अनंतिम कुर्की का यह नया आदेश जारी किया गया है। इस मामले पर अभी रिलायंस समूह से प्रतिक्रिया नहीं मिली है। सूत्रों ने बताया कि नवीनतम आदेश के तहत 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई है। इस मामले में कुर्क की गयी कुल संपत्ति की कीमत लगभग 9,000 करोड़ रुपये है।
इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय एजेंसी ने अनिल अंबानी से जुड़े लगभग ₹3,084 करोड़ की संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया। इनमें मुंबई स्थित एक घर, दिल्ली का रिलायंस सेंटर और दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई, पुणे, ठाणे, हैदराबाद, चेन्नई, कांचीपुरम और ईस्ट गोदावरी में मौजूद अन्य संपत्तियाँ शामिल हैं। एजेंसी ने ये कार्रवाई PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की धारा 5(1) के तहत 31 अक्टूबर को जारी आदेशों के बाद की। अटैच की गई संपत्तियों में कार्यालय परिसर, आवासीय यूनिट्स और भूमि के कई टुकड़े शामिल हैं। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने अनिल अंबानी द्वारा प्रमोट की गई रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और अन्य कंपनियों पर कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले की कोर्ट-निगरानी वाली जांच की मांग वाली याचिका पर नोटिस जारी किया।



















