ब्रेकिंग खबरें

ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी ने लिखा पहला इमोशनल पोस्ट- इतने साल के साथ के बाद…

धर्मेंद्र के निधन के तीन दिन बाद उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने इमोशनल पोस्ट किया है। हेमा ने लिखा है कि वह एक अच्छे पिता, पति होने के साथ सारे रिश्तों को साथ लेकर चलने वाले थे। उन्होंने एक पब्लिक फिगर के रूप में भी धर्मेंद्र की उपलब्धियां याद कीं और उन्हें यूनीक आइकन बताया। हेमा ने लिखा है कि धर्मेंद्र के जाने से जो जगह खाली हो गई है वह कभी भर नहीं पाएगी। वह अब उनकी अनगिनत यादों के सहारे जिएंगी।

हेमा ने फोटो के साथ लिखा ये पोस्ट

धरमजी वह मेरे लिए बहुत कुछ थे। प्यार करने वाले पति, हमारी दो बेटियों एशा और अहाना के प्यारे पिता, दोस्त, फिलॉसफर, गाइड, शायर और हर जरूरत में मेरे ‘गो टु’ पर्सन। सच कहूं तो मेरे लिए वो मेरे सब कुछ थे और अच्छे- बुरे समय में हमेशा साथ रहे। उन्होंने अपने सहज, मिलनसार व्यवहार से मेरे परिवार के सभी सदस्यों को अपना बना लिया था और हमेशा उन सभी के लिए स्नेह और रुचि दिखाते रहे।

हेमा आगे लिखती हैं, एक पब्लिक पर्सनैलिटी के रूप में, उनकी प्रतिभा, उनकी लोकप्रियता के बावजूद उनकी विनम्रता और उनकी यूनिवर्सल अपील ने उन्हें सभी दिग्गजों के बीच एक सबसे अलग आइकन के रूप में स्थापित किया। फिल्म इंडस्ट्री में उनकी कभी ना खत्म होने वाली प्रसिद्धि और उपलब्धियां हमेशा बनीं रहेंगी।

हेमा ने लिखा, मेरा जो पर्सनल नुकसान है उसे बयां करना मुश्किल है और जो जगह खाली हो गई है वो जीवन भर नहीं भर पाएगी। इतने साल के साथ के बाद, मेरे पास उन कई खास पलों को फिर से जीने के लिए अनगिनत यादें बची हैं…

45 साल से ज्यादा का साथ

धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी 1980 में हुई थी। हेमा अपनी बायोग्राफी में बता चुकी हैं कि उनकी मां ने मनाने की कोशिश की थी कि वह धर्मेंद्र के बजाय जितेंद्र से शादी करें क्योंकि धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा और 4 बच्चों के पिता थे। हालांकि वह मानती हैं कि किस्मत में यही लिखा था। धर्मेंद्र और हेमा की पहली मुलाकात 1970 में तू हसीन मैं जवां के सेट पर हुई थी।

हेमा की खुशी थे धर्मेंद्र

हेमा ने अपनी बायोग्राफी में लिखा है, उंगलियां उठ रही थीं, हम पर इल्जाम लग रहे थे। मैं जानती थी कि लोग पीठ पीछे बाते करते हैं लेकिन मुझे बस इतना पता था कि उन्होंने मुझे खुश रखा, मैं बस खुशियां चाहती थी।

What's your reaction?

Related Posts