ब्रेकिंग खबरें

खेल

अंडर-19 एशिया कपः यूएई को 234 रनों से हराया, वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक शतक से जीती टीम इंडिया

दुबई। वैभव सूर्यवंशी (171) की विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर शुक्रवार को भारत ने अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप ए के पहले मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 234 रनों से पराजित कर दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 433 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बड़े लक्ष्य के जवाब में यूएई की टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन ही बना सकी।

यूएई की ओर से उद्दीश सूरी ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 78 रनों की पारी खेली, वहीं पृथ्वी मधु ने 50 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा सालेह अमीन (नाबाद 20), कप्तान यायिन किरण राय (17) और मोहम्मद रयान (19) दहाई की संख्या में पहुंचने वाले अन्य बल्लेबाज रहे। भारत के दीपेश देवेन्द्रन ने दो विकेट लिए, जबकि किशन सिंह, हेनिल पटेल, खिलन पटेल और विहान मल्होत्रा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पूर्व टॉस जीतकर संयुक्त अरब अमीरात ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में कप्तान आयुष म्हात्रे (4) का विकेट गंवा दिया। ऐरन जॉर्ज ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 212 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपना शतक 56 गेंदों में पूरा किया। ऐरन जॉर्ज ने भी अपना अर्धशतक बनाया। 28वें ओवर में यायिन राय ने ऐरन जॉर्ज को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। ऐरन जॉर्ज ने 73 गेंदों में सात चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 69 रनों की पारी खेली।

भारत का तीसरा विकेट वैभव सूर्यवंशी के रूप में 33वें ओवर में गिरा। वैभव ने 95 गेंदों में नौ चौके और 14 छक्के उड़ाते हुए 171 रनों की पारी खेली। इसके बाद वेदांत त्रिवेदी 38 और विहान मल्होत्रा 69 रन बनाकर आउट हुए। विहान ने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का भी लगाया। कनिष्क चौहान (28) छठे विकेट के रूप में आउट हुए। अभिज्ञान कुंडु 32 और खलन पटेल 5 रन बनाकर नाबाद रहे। यूएई की ओर से युग शर्मा और उद्दीश सुरी ने दो-दो विकेट लिए। यायिन किरण राय और शलोम डिसूजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

What's your reaction?

Related Posts