ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

देश में ‘रेड कार्पेट’ वाला पहला हाईवे कहां और क्यों बना?

देश में हाईवेमैन के नाम से मशहूर हो चुके केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक और अनोखा प्रयोग किया है। तस्वीरें देखकर आप भी सोच रहे होंगे कि आखिर हाईवे पर यह ‘रेड कार्पेट’ क्यों बिछा दी गई है? आमतौर पर काली दिखने वाली सड़क पर आखिर रेड ब्लॉक क्यों बने हैं? क्या यह सड़क को खूबसूरत बनाने के लिए किया गया है या इसके पीछे कोई और खास वजह है? इससे पहले कि आपके पास सवालों की लिस्ट लंबी हो आइए हम आपको बताते हैं कि ऐसा क्यों और कहां किया गया है।

दरअसल, यह प्रयोग मध्य प्रदेश में किया गया है। नेशनल हाईवे-45 पर जबलपुर-भोपाल मार्ग पर पहली बार ‘रेड टेबल टॉप’ वाली सड़क बनाई गई है। सागर दमोह और नरसिंगपुर जिलों के त्रिभुज में स्थित नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में जबलपुर-भोपाल मार्ग पर 11.96 किमी 2 और 4 लेन हाई का पुनर्विकास खास तरीके से किया गया है।

यहां दो किलोमीटर की संवेदनशील घाटी क्षेत्र में भारत में पहली बार 5 मिलीमीटर रेड टेबल टॉप ब्लॉक मार्किंग का प्रयोग किया गया है जो पहली नजर में आपको रेड कार्पेट जैसा दिखेगा। आप आप यह तो जान चुके हैं कि यह प्रयोग कहां किया गया है। अब यह समझ लीजिए कि ऐसा क्यों किया गया है। दरअसल, यह प्रयोग वन्य जीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखा गया है।

एनएचआईए के अधिकारी श्रवण कुमार सिंह कहते हैं, भोपाल-जबलपुर सेक्शन में जब फोर लेनिंग का निर्माण हो रहा था तो हमारे संज्ञान में आया कि यहां वाइल्ड लाइफ के लिए क्या किया जाए कि लोग कम स्पीड से गुजरें। इंटरनेशनल प्रैक्टिस को ध्यान में रखकर ‘रेड टेबल टॉप’ का प्रयोग किया। यह दो किलोमीटर में लगाया गया है। इसमें फर्क यह है कि रेड ब्लॉक की ऊंचाई काली सतह से 5 मिमी अधिक है।

यह चालकों का ध्यान खींचता है और लाल सतह की ऊंचाई अधिक होने की वजह से गाड़ियों में हल्का जर्क होता है। इससे लोग गाड़ी की स्पीड घटा लेते हैं। इससे ना सिर्फ जंगली जानवर दुर्घटना का शिकार होने से बचते हैं बल्कि अचानक आने वाले घुमावों के बावजूद यहां से गुजरने वाले लोग भी दुर्घटनाओं से बचते हैं। जंगल से घिरे हाईवे के इस हिस्से पर चेन लिंक फेंसिंग भी की गई है। इसके अलावा आधुनिक स्पीड डिटेक्टर, विशेष एनिमल अंडरपास के जरिए यातायात और जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

What's your reaction?

Related Posts