रायगढ़। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का मुद्दा गरमाता जा रहा है। रायगढ़ जिले के कोड़ासिया क्षेत्र स्थित घटगांव धान खरीदी केंद्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आक्रोशित किसानों ने नायब तहसीलदार को बंधक बना लिया। खरीदी सीमा (लिमिट) नहीं बढ़ाए जाने से नाराज किसानों ने अधिकारी को करीब चार घंटे तक घेरे रखा।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, घटगांव धान खरीदी केंद्र में मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान अपना धान बेचने पहुंचे थे। लेकिन, केंद्र पर निर्धारित खरीदी सीमा पूरी हो जाने के कारण धान की तौल रोक दी गई थी। इससे किसान भड़क गए। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार हिमांशु नायक ने जब किसानों को समझाने का प्रयास किया, तो आक्रोशित भीड़ ने उन्हें ही घेर लिया और मंडी परिसर में ही रोक लिया।
किसानों का दर्द: अब कहां ले जाएं बचा हुआ धान?
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि निर्धारित सीमा पूरी होने के बाद भी उनके पास बड़ी मात्रा में धान बचा हुआ है। यदि समय रहते खरीदी सीमा नहीं बढ़ाई गई, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक सीमा बढ़ाने का आदेश नहीं मिलता, वे अधिकारी को जाने नहीं देंगे।
एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में खलबली मच गई। एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों से समन्वय कर खरीदी सीमा बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस आश्वासन के बाद किसानों ने अपना विरोध समाप्त किया और नायब तहसीलदार को मुक्त किया।


















