ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर: मतदाता सूची से 4.9 लाख नाम कटे, 21 फरवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

एसआईआर के तहत 5.21 लाख लोगों को दिए गए थे नोटिस, दस्तावेज नहीं देने वालों पर और चलेगी कैंची

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है। रायपुर जिले की सात विधानसभा सीटों पर चले इस अभियान के तहत मतदाता सूची में बड़े उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। जिले में अब तक 4.9 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम काटे जा चुके हैं, और अंतिम प्रकाशन तक यह संख्या और बढ़ सकती है।

23,953 ने किया आवेदन, 1631 हुए रिजेक्ट

जिले की सात सीटों पर नाम जुड़वाने के लिए कुल 23,953 आवेदन (फार्म-6) प्राप्त हुए थे। गहन सत्यापन और सुनवाई के बाद निर्वाचन कार्यालय ने इनमें से 22,320 आवेदनों को पात्र मानते हुए स्वीकार कर लिया है, जबकि 1631 आवेदनों को जरूरी दस्तावेज न होने के कारण निरस्त कर दिया गया है।

नोटिसों की सुनवाई पूरी, अब छंटनी की बारी

निर्वाचन आयोग ने जिले के 5,21,761 मतदाताओं को विभिन्न कारणों से नोटिस जारी किए थे। इसके अलावा 1.33 लाख ऐसे मतदाता थे जिनकी ‘मैपिंग’ नहीं हो पाई थी। 14 फरवरी तक चली सुनवाई और सत्यापन की अवधि समाप्त हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि जिन्होंने नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया या दस्तावेज पेश नहीं किए, उनके नाम सूची से हटा दिए जाएंगे।

घट गई मतदाताओं की संख्या

एसआईआर शुरू होने से पहले जिले में कुल 18,92,523 मतदाता थे। प्रारूप प्रकाशन के समय यह संख्या घटकर 13,93,446 रह गई थी। अब 21 फरवरी को होने वाले अंतिम प्रकाशन में यह आंकड़ा और भी कम होने की संभावना है।

नाम कट गया तो क्या करें?

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, जिनका नाम अंतिम सूची में नहीं होगा, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी नाम जोड़ने की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी। ऐसे मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ ‘फार्म-6’ भरकर दोबारा आवेदन कर सकते हैं।

What's your reaction?

Related Posts