ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

कोलकाता में तेज भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 5.0 तीव्रता

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। धऱती हिलने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। बताया गया है कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.0 थी। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना से लगभग 26 किलोमीटर दूर था। भूकंप से किसी प्रकार की जान-माल की क्षति की सूचना फिलहाल नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर में करीब 1 बजकर 22 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोगों के मुताबिक भूकंप के झटके कुछ समय तक महसूस हुए। ऐसे में लोग अपने घरों और कार्यालयों की बिल्डिंग से बाहर आ गए। कई जगहों पर ऑफिस खाली हो गए हैं। लोगों में आफ्टरशॉक का डर बना हुआ है। आम तौर पर भूकंप के झटके के बाद कई बार धरती हिलने की संभावना रहती है।

कई इलाकों के निवासियों ने बताया कि भूकंप के झटकों के दौरान छतों के पंखे, फर्नीचर और खिड़की दरवाजे हिलने लगे, जिसका सबसे ज्यादा असर बहुमंजिला इमारतों में देखने को मिला। ऊंची इमातों में तेज थरथराहट महसूस हुई और लोग उतरकर नीचे आ गए।

दो महीने में कोलकाता में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस बार झटके करीब 1 मिनट तक महसूस किए गए। कोलकाता में पिछले कुछ सालों में भूकंप के झटके आए हैं लेकिन किसी की तीव्रता 5 तक नहीं रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस बार भूकंप की तीव्रता भले ही रिक्टर स्केल पर 5.0थी लेकिन यह इतना तेज महसूस हुआ कि लग रहा था तीव्रता 6+ होगी।

भूकंप के दौरान क्या करें

जानकारों का कहना है कि भूकंप के दौरान घर के किसी कोने में बैठ जाना चाहिए। इसके अलावा अगर मेज या टेबल हो तो उसके नीचे छिपा जा सकता है। झटकों के दौरान अगर बाहर निकलने में समय लगता है तो भागने से बेहतर घर में ही सुरक्षित स्थान पर छिपना है। भूकंप के दौरन बिजली के तारों से दूर रहना चाहिए। अगर हो सके तो गैस और बिजली की वस्तुओं को बंद कर दें। छिपने का ही तरीका है कि सिर को छिपाकर बैठ जाएं। गिरने वाली चीजों से दूर रहना चाहिए। किसी चीज को गिरने से रोकने की भी कोशिश नहीं करनी चाहिए।

What's your reaction?

Related Posts