हिमाचल प्रदेश के अटल टनल के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी के कारण 1000 से ज्यादा वाहन फंस गए. मनाली पुलिस और रेस्क्यू टीमें लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं.
हिमाचल के अटल टनल में अचानक हुई बर्फबारी में 1000 से ज्यादा वाहन फंस गए हैं. इस बात की जानकारी होते ही मनाली पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि अटल टनल के दोनों छोरों पर आधा-आधा फीट बर्फबारी हुई है, जिससे हिमपात का आनंद लेने पहुंचे हजारों सैलानी टनल में ही फंस गए. मौके पर राहत-बचाव की टीमें लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के काम लग गई है.
दरअसल, रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का आनंद के लिए पर्यटन स्थल पर पहुंचे. इस दौरान हिमाचल के कई इलाकों में भारी स्नोफॉल देखने को मिला है. अटल टनल के दोनों छोरों पर भी जमकर हिमपात हुआ है. इस कारण अटल टनल से धुंधी तक उतराई में पर्यटन वाहन फिसल रहे हैं. हॉकी पुल से अटल टनल के दूसरे छोर तक लगभग 8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिसमें 1000 से वाहन फंस गए हैं.
तीन बजे से पर्यटकों पर लगी रोक
दोपहर तीन बजे के बाद से लाहौल स्पीति और मनाली पुलिस ने पर्यटकों को वापस भेजना शुरू कर दिया है. मनाली पुलिस ने पर्यटक वाहनों के लाहौल जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. मनाली पुलिस की टीमें अटल टनल में फंसे पर्यटकों को निकालने में जुट गई हैं. बताया जा रहा है कि अंदर फंसे यात्रियों को काफी परेशानी है. कई पर्यटकों का तो खाना-पानी तक खत्म हो गया है.
अटल टनल में फंसे पर्यटक
जानकारी देते हुए सिस्सु थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि भारी स्नोफॉल होता देख पर्यटकों के तीन बजे से अटल टनल की ओर जाने से रोक दिया गया था. हालांकि, सुबह भारी संख्या में पर्यटक लाहौल रवाना हो गए थे. कई पर्यटकों के अटल टनल में फंसे होने की सूचना मिली है, जिन को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. कई टीमें रेस्क्यू अभियान में लगी हुई है. उम्मीद है कि जल्द ही सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा.




















