रायपुर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और अब इसकी अंतिम तिथि बेहद नजदीक आ गई है। सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए सिर्फ 3 दिन शेष
भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल तय की गई है। ऐसे में जिन युवाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे जल्द से जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने बनाई विशेष व्यवस्था
रायपुर जिला प्रशासन द्वारा युवाओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं। यहां उम्मीदवार रोजगार कार्यालय, नगरीय निकाय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय, आईटीआई, जनपद पंचायत और नगर पंचायतों में जाकर आवेदन से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
पात्रता मानदंड
आयु सीमा: 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक
शैक्षणिक योग्यता: 8वीं पास से लेकर स्नातक या डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भी पात्र
हेल्प डेस्क से मिलेगी सहायता
आवेदन में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय रायपुर में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं। यहां भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
फ्री ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा
छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीकृत उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग भी दी जाएगी। इसमें विषयवार मार्गदर्शन, मॉडल पेपर और परीक्षा पैटर्न की जानकारी शामिल होगी।



















