मुंबई। हिंदी सिनेमा के ‘एक्शन आइकन’ कहे जाने वाला टाइगर श्रॉफ अपने करियर के सबसे अहम मोड़ पर खड़े हैं। ‘गणपत’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के उम्मीद से कम प्रदर्शन के बाद टाइगर ने अब अपनी रणनीति बदल दी है। अब वह सिर्फ स्टंट और फिटनेस के दम पर नहीं, बल्कि ‘कंटेंट ड्रिवन’ एक्शन फिल्मों पर दांव लगा रहे हैं। 10 अप्रैल से मुंबई में उनके एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की शुरुआत हो रही है। टाइगर ने अपनी अगली फिल्म के लिए कन्नड़ निर्देशक सचिन रवि के साथ हाथ मिलाया है, जो ‘अवाने श्रीमन्नारायण’ जैसी तकनीकी रूप से मजबूत फिल्म के लिए जाने जाते हैं। यह प्रोजेक्ट 150-180 करोड़ रुपए के बड़े बजट पर बन रहा है, जिसकी शूटिंग मुंबई में 10 अप्रैल 2026 से शुरू होगी।
रीक्रिएट होगा 1980 के दशक का मुंबई
टाइगर की इस फिल्म में 1980 के दशक के मुंबई को रीक्रिएट किया जाएगा, जबकि क्लाइमैक्स यूरोप में शूट होगा। इसे टाइगर के करियर का सबसे अहम रीइन्वेंशन प्रोजेक्ट माना जा रहा है। इसके अलावा टाइगर ने अपनी मशीनी एक्शन हीरो वाली इमेज को तोड़ने के लिए ‘लग जा गले’ भी साइन की है। राज मेहता इसके निर्देशक हैं।
फिल्मों की कास्टिंग पर खास ध्यान दिया जा रहा, टाइगर ने अपनी फीस भी कम की
टाइगर की फिल्मों में अब विलेन और कास्टिंग पर खास ध्यान दिया जा रहा है। साउथ से शिवा राजकुमार या उपेंद्र जैसे साउथ स्टार्स को लाने की तैयारी है, जबकि ‘वज्र’ में जयदीप अहलावत या के के मेनन जैसे दिमाग से खेलने वाले विलेन पर विचार हो रहा है। साथ ही खबर है कि टाइगर ने अपनी फीस में भी कटौती की है, ताकि फिल्मों का बजट संतुलित रहे और ओटीटी-सैटेलाइट डील के जरिए पहले ही 50% रिकवरी सुनिश्चित हो सके।
‘बागी 5’ को भी पूरी तरह रीबूट करने की तैयारी में हैं साजिद नाडियाडवाला
फिल्म समीक्षकों का तर्क है कि दर्शक अब केवल टाइगर के सिक्स पैक एब्स देखने के लिए थिएटर नहीं आते। वहीं ‘बागी 4’ की असफलता के बाद साजिद नाडियाडवाला अब दक्षिण भारतीय निर्देशक ए. हर्षा के साथ मिलकर ‘बागी 5’ को पूरी तरह रीबूट करने की तैयारी में हैं। इसके आलावा रोहित शेट्टी के ‘कॉप यूनिवर्स’ में भी ACP सत्या के रूप में टाइगर के साथ एक सोलो फिल्म की प्लानिंग विचाराधीन है।
‘रैम्बो’ और ‘वज्र’ से लेंगे बड़े रिस्क और नए जोनर में एंट्री
टाइगर के लाइनअप में ‘रैम्बो’ सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका बजट 200 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है। यह सिर्फ रीमेक नहीं, बल्कि भारतीय परिवेश में री-इमेजिन की गई फिल्म होगी, जिसकी शूटिंग लद्दाख, जॉर्जिया और आइसलैंड में होगी। वहीं राम माधवानी के साथ ‘वज्र’ को एक ‘ग्रैंड स्केल स्पिरिचुअल एक्शन’ फिल्म बताया जा रहा है, जिसमें भारतीय दर्शन का पुट होगा। इसकी शूटिंग ऋषिकेश, वाराणसी और नेपाल में की जाएगी। यह टाइगर के लिए एक ऐसा क्षेत्र है जहां उन्होंने पहले कभी हाथ नहीं आजमाया।



















