रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण निरस्त एवं आंशिक रूप से निरस्त ट्रेनों को अब पुनः बहाल किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनों का परिचालन चरणबद्ध तरीके से फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार, 3 अप्रैल से 7 अप्रैल 2026 के बीच विभिन्न रूटों पर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को उनके निर्धारित समय पर बहाल किया गया है। इनमें रायगढ़–बिलासपुर, बिलासपुर–रायगढ़, रायपुर–गेवरारोड, कोरबा–रायपुर सहित अन्य प्रमुख रूट शामिल हैं।
इन ट्रेनों का परिचालन हुआ बहाल
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 68737/68738 (रायगढ़–बिलासपुर), 68735/68736 (रायगढ़–बिलासपुर), 68746/68745 (रायपुर–गेवरारोड), 58204/58203 (रायपुर–कोरबा) सहित बिलासपुर–गेवरारोड और बिलासपुर–कोरबा रूट की कई मेमू ट्रेनों को निर्धारित तिथियों में फिर से शुरू किया गया है।
इसके अलावा शॉर्ट टर्मिनेटेड/ओरिजिनेटेड ट्रेनों जैसे 68861/68862 (गोंदिया–झारसुगुड़ा) को भी 4 अप्रैल से 7 अप्रैल तक बहाल कर दिया गया है, जो अब अपने पूरे निर्धारित मार्ग पर संचालित होंगी।



















