महासमुंद, 04 अप्रैल 2026। जिले में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.40 करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के फुलबनी क्षेत्र से महाराष्ट्र के पुणे तक गांजा तस्करी की जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर दो संदिग्ध वाहनों—एक फॉर्च्यूनर और एक स्कार्पियो—को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में रखी बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा उड़ीसा से लाकर महाराष्ट्र में खपाने की योजना बना रहे थे।
इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार (₹40 लाख), स्कार्पियो (₹25 लाख) और 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल मिलाकर ₹2.06 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



















