Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पदस्थ एक महिला आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला आरक्षक पूजा कुशवाहा (28) का शव शनिवार रात उसके शासकीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, पूजा कुशवाहा आजाद चौक थाने में पदस्थ थीं। शनिवार शाम उन्होंने थाने के मुंशी को भोजन करने के बाद ड्यूटी पर आने की जानकारी दी थी, लेकिन रात करीब साढ़े 8 बजे तक जब वह थाने नहीं पहुंचीं, तब स्टाफ को उनके क्वार्टर भेजा गया। वहां दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसे तोड़ने पर उनका शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
टीआई आजाद चौक ने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान मृतका के मायके पक्ष ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृहग्राम बालोद भेज दिया गया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
पति भी पुलिस में, दोनों रह रहे थे अलग-अलग
जानकारी के मुताबिक पूजा कुशवाहा और उनके पति भवेन्द्र साहू दोनों वर्ष 2021 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और दोनों का मूल निवास बालोद जिले में है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और शासकीय आवास में साथ रह रहे थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि भवेन्द्र साहू ने हाल ही में अलग किराए का मकान ले लिया था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद और शक-सुबहा को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फोरेंसिक जांच जारी, मोबाइल फोन जब्त
रविवार को फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
एडिशनल डीसीपी वेस्ट रायपुर राहुलदेव शर्मा ने बताया कि, “मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी जरूर सामने आई है।”
युवाओं को देती थीं पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग
बताया जा रहा है कि पूजा कुशवाहा रायपुर के रविवि कैंपस में युवाओं को पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग भी देती थीं। उनके इस कदम से परिचित लोग स्तब्ध हैं और उन्हें इस घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
ये पढ़ना न भूलेंः
- Raipur News: गंदगी मिलने पर 15 हजार का जुर्माना, ठेकेदारों को नोटिस
- जल जीवन मिशन से बदली जीवन की तस्वीर, वनांचलों के दूरस्थ गांवों तक पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद, 8 कार्यों के लिए 1.99 करोड़ स्वीकृत
- आशा भोसले ने सिंगिंग की खातिर 13 साल की उम्र में छोड़ दी ये 3 चीजें खाना, एक आइसक्रीम जानते हैं बाकी दो के नाम
- Raipur News: महिला आरक्षक की संदिग्ध मौत, क्वार्टर में फांसी के फंदे पर मिली लाश



















