रायपुर। रायपुर नगर निगम के ज़ोन-10 में भाजपा के भीतर अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है। ज़ोन-10 के छह भाजपा पार्षदों ने अपनी ही पार्टी के ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। पार्षदों ने महापौर मीनल चौबे सहित पार्टी नेताओं को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे ज़ोन कार्यालय में तालाबंदी कर उग्र धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
शिकायतकर्ता पार्षदों ने ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षदों का कहना है कि मेघानी लगातार दूसरे वार्डों के मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। साथ ही उन पर अवैध निर्माण को संरक्षण देने और निगम अधिकारियों पर कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि बोरियाकला क्षेत्र में एक अवैध अस्पताल पर प्रस्तावित निगम कार्रवाई को रुकवाने का मामला इस विवाद की बड़ी वजह बना है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बंद कमरे में बैठक भी हुई। चूंकि सचिन मेघानी को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता है, इसलिए इस पूरे घटनाक्रम ने शहर की सियासत को गरमा दिया है।
महापौर मीनल चौबे ने पार्षदों की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि ज़ोन अध्यक्ष को हटाने के संबंध में मांग पत्र प्राप्त हुआ है। मामले पर विचार किया जाएगा और आगे क्या किया जा सकता है, इस पर निर्णय लिया जाएगा।
वहीं ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें किसी आधिकारिक पत्राचार की जानकारी नहीं है। वे भाजपा संगठन, जिलाध्यक्ष और महापौर से इस विषय पर सीधा संवाद करेंगे। संगठन द्वारा मांगी गई हर जानकारी और स्पष्टीकरण देने के लिए वे तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ज़ोन के सभी पार्षद एक परिवार की तरह हैं और संभवतः विरोधी दल उनके बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहा है।




















