दुर्ग। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) दुर्ग बैरक में पिछले तीन दिनों से मेस बंद होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेस बंद रहने के कारण जवानों को भोजन की व्यवस्था के लिए बाहर भटकना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या और ड्यूटी प्रभावित हो रही है।
सूत्रों के अनुसार बैरक में तैनात कई जवानों को समय पर भोजन नहीं मिल पा रहा है। जवानों का कहना है कि मेस संचालन बंद होने के बावजूद अब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इससे ड्यूटी के दौरान उन्हें अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जवानों के बीच यह भी चर्चा है कि संबंधित अधिकारियों को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। आरोप है कि प्रभारी अधिकारी (OC) इस मामले को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
वहीं, जवानों का यह भी कहना है कि सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC) स्तर पर भी स्थिति की मॉनिटरिंग नहीं हो रही है, जिससे समस्या लगातार बनी हुई है।
जवानों ने उच्च अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर मेस संचालन बहाल करने तथा भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में RPF प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।



















