ब्रेकिंग खबरें

अंतराष्ट्रीयट्रेंडिंग

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, 5 लोगों की मौत; तटीय इलाकों में सुनामी का अलर्ट

फिलीपींस के दक्षिणी द्वीप मिंदानाओ में सोमवार को 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. दक्षिणी शहर जनरल सैंटोस में पांच लोगों की मौत हुई है. भूकंप के बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया के कई तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, भूकंप जमीन से सिर्फ 10 किमी की गहराई पर आया. कम गहराई पर आए भूकंप से जमीन ज्यादा हिलती है और सुनामी का खतरा बढ़ जाता है. GFZ ने पहले इसकी तीव्रता 7.3 बताई थी, फिर इसे 8.2 किया गया और बाद में संशोधित कर 7.8 बताया गया. भूकंप के झटकों से कई इमारते मलबे में बदल गईं. एक स्कूल की इमारत भी गिरती हुई नजर आई.

उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लिए सुनामी का अलर्ट

भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने अलर्ट जारी किया. इसमें कहा गया कि क्षेत्र के तटीय इलाकों में खतरनाक समुद्री लहरें पहुंच सकती हैं. इसके बाद इंडोनेशिया की जियो फिजिक्स एजेंसी ने भी देश के उत्तर-पूर्वी तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी कर लोगों से सतर्क रहने को कहा.

फिलीपींस की सरकारी एजेंसी PHIVOLCS ने चेतावनी दी है कि प्रभावित तटीय क्षेत्रों में सामान्य ज्वार से एक मीटर ऊंची सुनामी लहरें उठ सकती हैं. एजेंसी ने दक्षिणी फिलीपींस के कई प्रांतों के लोगों को तुरंत ऊंचे इलाकों में जाने या समुद्र से दूर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की सलाह दी है.

आफ्टरशॉक की चेतावनी भी जारी

PHIVOLCS ने यह भी कहा कि इस शक्तिशाली भूकंप से नुकसान हो सकता है और आने वाले घंटों तथा दिनों में तेज आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद के झटके) भी आ सकते हैं. फिलहाल राहत और आपदा एजेंसियां समुद्र के जलस्तर पर नजर रख रही हैं और हालात की निगरानी कर रही हैं. अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ सरकारी निर्देशों का पालन करें.

फिलीपींस में क्यों आते हैं भूकंप

फिलीपींस दुनिया के उन देशों में है जहां प्राकृतिक आपदाएं ज्यादा होती हैं. यह देश प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर में स्थित है, जहां भूकंप और ज्वालामुखी फटने की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं. इसके अलावा यहां हर साल करीब 20 तूफान और चक्रवात भी आते हैं, जिससे लोगों को बार-बार मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.

What's your reaction?

Related Posts